रक्षाबंधन पर भाई का अनोखा उपहार, बहन से बंधवाई राखी और फिर किया रक्तदान
राजनांदगांव। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल ग्राम मनकी में देखने को मिली। देवलाल साहू ने रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन हेमलता साहू से राखी बंधवाने के बाद स्थानीय ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया।
देवलाल साहू ने कहा कि रक्षाबंधन केवल उपहार देने का पर्व नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। बहन की रक्षा का संकल्प लेने के साथ किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए रक्तदान करना भी मानवता की सेवा है।
इस अवसर पर मनीष साहू ने कहा कि “भाई की कलाई पर रक्षा का धागा और नसों में मानवता का लहू” रक्षाबंधन के पर्व को एक प्रेरणादायक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
देवलाल साहू ने कहा कि बहन की रक्षा का वादा केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए। किसी पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में योगदान देना भी हमारा परम कर्तव्य है।
रक्षाबंधन के दिन किए गए इस रक्तदान ने भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया। देवलाल साहू की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

