छात्र युवा मंच की बैठक संपन्न, दिसंबर में होगा प्रदेश स्तरीय भव्य अधिवेशन

Praveen Markande
By -
0

छात्र युवा मंच की बैठक संपन्न, दिसंबर में होगा प्रदेश स्तरीय भव्य अधिवेशन

5000 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य, 12 जुलाई को शहीदों की स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर

राजनांदगांव, 28 जून। छात्र युवा मंच की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को उत्साहपूर्ण एवं संगठनात्मक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संयोजक नागेश यदु ने की। बैठक में संगठन के विस्तार, युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिसंबर 2026 में छात्र युवा मंच का प्रदेश स्तरीय भव्य अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 100 सक्रिय प्रतिनिधि भाग लेंगे। अधिवेशन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, सामाजिक सरोकारों और युवाओं की भूमिका पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।

संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 5000 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके लिए शीघ्र ही प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को शिक्षा, समाज सेवा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाएगा।


बैठक में युवाओं के बीच स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए "रक्तदान जागरूकता परीक्षा" आयोजित करने की रूपरेखा पर भी सहमति बनी। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर कर समाज में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 12 जुलाई को छात्र युवा मंच के स्थापना दिवस के अवसर पर परमालकसा में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर राजनांदगांव के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय वी.के. चौबे सहित 29 अमर शहीद जवानों की पावन स्मृति को समर्पित रहेगा। संगठन ने सभी युवाओं एवं नागरिकों से इस जनसेवा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि छात्र युवा मंच समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान एवं राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश संयोजक नागेश यदु, प्रदेश अध्यक्ष अगेश्वर वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष उकेश साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष भागवत वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रवीण मारकंडे, शहर अध्यक्ष भव्य देवांगन एवं जिला अध्यक्ष शाहिल जंघेल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)