प्रथम जन्मदिन को रक्तदान के रूप में मनाया, रक्तदान शिविर के माध्यम से दिया मानव सेवा का संदेश
राजनांदगांव। रजत बोकडे के प्रथम जन्मदिन के अवसर पर उनके पिता श्री चंद्रेश बोकडे जी द्वारा जन्मदिन को सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा से जोड़ते हुए एक सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर मोतीपुर अंडर ब्रिज रोड स्थित शुभ मोबाइल शॉप में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जन्मदिन की खुशी को जरूरतमंद मरीजों के जीवन से जोड़ते हुए रक्तदान के माध्यम से सकारात्मक एवं प्रेरणादायक तरीके से मनाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं एवं समाज के अन्य वर्गों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जोड़ना रहा। इस अवसर पर रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम में जननायक एवं लोकप्रिय नेता, आदरणीय महापौर श्री मधुसूदन यादव जी के सुपुत्र श्री रिभय यादव, शहर महामंत्री उत्तर मंडल युवा मोर्चा राजनांदगांव, विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को संबोधित किया तथा जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को ऐसे सामाजिक एवं सेवाभावी कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। जन्मदिन जैसे अवसर को रक्तदान से जोड़कर मनाना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है और इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी।
श्री रिभय यादव ने उपस्थित लोगों एवं युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को अचानक पड़ सकती है, ऐसे में रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आयोजकों एवं सभी रक्तवीरों की इस सेवाभावी पहल के लिए प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में छात्र युवा मंच के प्रदेश संयोजक भाई नागेश यदु जी, जिला अध्यक्ष साहिल कुमार जंघेल, शहर अध्यक्ष भव्य देवांगन, शहर उपाध्यक्ष विजय देवांगन तथा समाजसेवक आकाश देवांगन, लोकेश बारापात्रे, निखिल मानिकपुरी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं रक्तवीर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है।
इस अवसर पर रजत बोकडे के प्रथम जन्मदिन को यादगार एवं सार्थक बनाने के लिए उनके पिता श्री चंद्रेश बोकडे जी द्वारा की गई पहल की उपस्थितजनों ने सराहना की। सभी ने रजत बोकडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों ने कहा कि खुशियां केवल उत्सव मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें मानव सेवा से जोड़कर समाज के लिए उपयोगी बनाया जाए, यही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा। रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि छोटी-सी पहल भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी उम्मीद बन सकती है।

